लोक डाउन-04

लोक डाउन-04
18 मई 2017
लोक डाउन-03 के बाद सरकार ने आज लोक डाउन-04 की घोषणा कर दी। कारण यही है कि स्थिति को नियंत्रण में भी रखना है और जीवन का पहिया भी चलाना है। लेकिन इस लॉक डाउन 4 में केंद्र सरकार ने सारी जिम्मेदारी राज्य सरकारों पर डाल दी और उन्हें निर्देश दे दिया कि वह अपने हिसाब से कोरोना पर नियंत्रण करें। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर जारी दिशा-निर्देश के अनुसार अब 3 ज़ोन के स्थान पर 5 ज़ोन बनाए जाएंगे जिला प्रशासन कंटेनमेंट तथा बफर जोन भी चिन्हित कर कोरोना को फैलने से रोकने का उपाय करें। इस लॉक डाउन में सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक, ट्रेन, स्कूल, कॉलेज, होटल, रेस्टोरेंट अभी बंद रहेंगे। राज्यों की परस्पर सहमति से ही अंतरराज्यीय बसें शुरू की जा सकती हैं। सभी धार्मिक कार्यक्रम प्रार्थना, सामाजिक, राजनीतिक, कार्यक्रमों पर रोक रहेगी। आज विश्व में 4804846 अमेरिका में 1527664 भारत में स्थान 96169 संक्रमितों की संख्या हो गई है।

19 मई 2020
आज अनेक राज्यों ने बहुत सारी छूटों के साथ लॉक डाउन 04 को लागू कर दिया। दिल्ली और उत्तर प्रदेश सीमा को भी खोल दिया गया उत्तर प्रदेश के अनेक आद्योगिक कारखानों को खोल दिया गया। मास्क की अनिवार्यता को सोशल डिस्टेंसिंग तथा सैनिटाइजर के साथ कोरोना से लड़ना पड़ेगा और जिंदगी का पहिया भी चलाना पड़ेगा। दिल्ली में तो ओला उबर 2 सवारियों के साथ, ओटो एक सवारी के साथ, बाइक एक सवारी के साथ, सिटी बस 20 सवारियों के साथ चलेंगी। दुकानें औड इवन के  हिसाब से खुलेगी। माल, स्विमिंग पूल, सिनेमाघर अभी नहीं खुलेंगे। अभी स्कूल कालेज भी बंद रहेंगे। बाजार व सड़कों पर रौनक लौटानी होगी।कोरोना को हमें अपनी जिंदगी का हिस्सा मान कर जीना पड़ेगा। आज छोटे बेटे के भी आफिस से बुलावा आने के कारण उसे ग़ाज़ियाबाद छोड़ कर आया हूँ।
आज संसार में 4894071 अमेरिका में 1550294 भारत में 11139 संक्रमित लोगों की संख्या हो गई है।

20 मई 2020
उत्तर प्रदेश सरकार और कांग्रेस सरकार के बीच बसों को लेकर पूरे दिन रस्साकशी चलती रही। दोनों एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे। इन दोनों के बीच बेचारा श्रमिक शाम तक पिसता रहा। कल गाजियाबाद जाने के लिए मुझे किसी अनुमति पत्र की आवश्यकता नहीं हुई। रास्ते में ट्रैफिक भी भरपूर मिला। लोगों की आवाजाही खूब दिखी लेकिन रास्ते के ढाबे, रेस्टोरेंट, होटल अभी बंद दिखे, इक्का-दुक्का ही खुले मिले। धीमे-धीमे पुरानी स्थितियां सामान्य होंगी लेकिन ये तो तय है कि कोरोना के साथ ही जीना पड़ेगा जैसे लोग एचआईवी इन्फ्लूएंजा टीवी के साथ आज तक जी रहे हैं वैसे ही अब संपूर्ण सावधानियों के साथ कोरोना के साथ जिंदगी बितानी पड़ेगी। मेरे नगर के बाजार की दुकानें भी ओड इवन की तर्ज पर खुलेंगीं। कुछ दुकानें सोम बुध शुक्र को तो कुछ मंगल गुरु और शनि को खुलेंगे जिससे बाजार में भीड़ बहुत अधिक ना दिखाई दे। विश्व समुदाय में चीन अलग-थलग पड़ता दिखाई दे रहा है और इसके कारण डब्ल्यूएचओ की शुचिता भी संदेह के दायरे में आकर खड़ी हो गई है।
आज विश्व में 4989061 अमेरिका में 1570583 भारत में 106750 तथा उत्तर प्रदेश में 4926 संक्रमितों की संख्या हो गई है।

21 मई 2020
देश की रौनक जो चली गई थी वह पुनः लौटे इसलिए सरकार 25 मई से घरेलू उड़ानें भी पूरे एहतियात के साथ शुरू करने जा रही है। लॉक डाउन में बोर्ड परीक्षाऐं वह भी सशर्त कराने की इजाजत सरकार ने दे दी है और यह भी कह दिया है यह परीक्षाएं स्व केंद्रित होंगी। ग्रीन व ऑरेंज जोन उनकी सभी अदालतें भी खुलने जा रही हैं, सुनवाई 22 मई से आरंभ हो जाएगी। रेलवे स्टेशन की दुकानें खोलने का निर्देश भी दे दिया गया है भले ही अभी सीमित आवाजाही है। भारत ने ऐलान कर दिया है कि वह अब कोरोना के 30 लाख मरीजों का एक साथ इलाज करने के लिए तैयार है पिछले 2 महीनों में भारत ने इस दिशा में मजबूत तैयारी की है। छोटे बच्चे छुट्टियों में नानी के घर चले जाते थे लॉक डाउन खत्म होने के बाद वह भी जा सकेंगे। अनुपम खेर का ट्वीट-"बीते 2 महीनों से घर पर ही हूँ, इन दिनों जिंदगी ने मुझे अहम सबक सिखाया है। असाधारण समय में साधारण तरीके से रहना, प्रकृति के समक्ष हमेशा झुके रहना, संयम एवं दया भाव ही सबसे बड़ी संपत्ति है" 
आज विश्व में 5089935 अमेरिका में 1593039 भारत में 112359 तथा उत्तर प्रदेश में 5175 संक्रमितों की संख्या हो गई है।

22 मई 2020
उत्तर प्रदेश में हर सप्ताह अब मरीजों के ठीक होने की रफ्तार बढ़ रही है। घरेलू उड़ानों के लिए हरी झंडी मिल गई है। 25 मई से इनकी आवाजाही भी शुरू हो जाएगी। आज से इनकी टिकट बुकिंग शुरू हो जाएगी। इनका किराया भी तय हो गया है हर एयरलाइन को 40 फीसद सीटें सस्ती देनी होंगी। 1 जून से ट्रेनों का की आवाजाही भी शुरू हो रही है उनकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। ईद आने वाली है सरकार ने ईद की नमाज घर में ही अता करने के निर्देश दिए हैं। जो प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश में लौट आए हैं उनके लिए रोजगार की राह निकालने में उत्तर प्रदेश सरकार जुट गई है। अगर ऐसा होना सफल हो गया तो प्रदेश की श्रमिक संपदा पलायन से बच जाएगी इसके लिए एक करोड़ मजदूरों का डाटा जुटाने की तैयारी चल रही है। हाथरस के चारों हॉटस्पॉट समाप्त हो गए हैं अब कल से बाजार में भी रौनक लौटने लगेगी आज विश्व में 5194574 अमेरिका में 1620902 भारत  118447 तथा उत्तर प्रदेश में 5515 सीटों की संख्या हो गई है

23 मई 2020
मुसीबतों के मारे पाकिस्तान में कल मुसीबत का एक और पहाड़ टूट गया, कराची के रिहायशी इलाके में पाकिस्तान का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया कुल 107 लोग सवार थे 100 से अधिक के मरने की सूचना है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 6 माह तक राज्य में सभी हड़ताल ऊपर रोक लगा दी है उत्तर प्रदेश में 1 सप्ताह में संक्रमित मरीज ठीक हो रहे हैं डॉक्टर ने दावा किया है अच्छी इम्युनिटी के मरीजों में 1 हफ्ते में बन जाती है एंटीबॉडी। पौष्टिक खानपान व सकारात्मकता से हार रहा है कोरोना। हाथरस नगर पालिका अध्यक्ष ने आरोग्य सेतु एप डाउनलोड न करने पर ₹250 जुर्माने का निर्णय लिया है, खुशी की बात यह है कि जिले में 40 कोरोना संक्रमित लोगों की कल नेगेटिव रिपोर्ट आ गई इसलिए सभी हॉट स्पॉट खत्म कर दिए गए हैं बाजारों में रौनक लौट आई है। अलीगढ़ मंडल में 6 और कोरोना अस्पताल तैयार हो गए हैं, इनमें अलीगढ़ में 3 तथा हाथरस, एटा, कासगंज में एक-एक अस्पताल बनाया गया है। डॉ. हर्षवर्धन डब्लू एच ओ बोर्ड के चेयरमैन बन गए हैं। 
आज पूरे विश्व में 5304340 अमेरिका में 1645094 भारत में 125101 तथा उत्तर प्रदेश में 5735 संक्रमित मरीजों की संख्या हो गई है।

24 मई 2020
नागरिक उड्डयन मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने कल से घरेलू तथा अगस्त से पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। पहले जहां 33% कर्मचारियों की उपस्थिति से सरकारी ऑफिस चल रहे थे अब 50% कर्मचारी दफ्तर आया करेंगे कुछ राज्यों में आज से ब्यूटीपार्लर और सैलून खुलने लगेंगे लेकिन पूरे एहतियात के साथ सरकारी गाइडलाइंस के साथ।आज कोरोना ने ट्रेन को भी भटका दिया जो श्रमिक ट्रेन मुंबई से गोरखपुर जानी थी वह ट्रेन राउरकेला पहुँच गई। गुरुग्राम से अपने दिव्यांग पिता को साइकिल पर बिठाकर दरभंगा बिहार पहुँची ज्योति के इस साहसी कदम की सर्वत्र सराहना हो रही है, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी भी ज्योति की मुरीद हो गई है। 
आज विश्व में 5408185 अमेरिका में 1666828 भारत में 131868 तथा उत्तर प्रदेश में 6017 लोग संक्रमित लोगों की संख्या हो गई है।

25 मई 2020
आज ईद है। सभी मुस्लिम भाइयों ने अपनी अपने घर पर ही नमाज अदा की है ऐसी फीकी ईद पहली बार देखी गई जिसमें कोई उत्साह नहीं था। मक्का तक में अकेले इमाम ने नमाज पढ़ी। आज भी एक ट्रेन अपना रास्ता भटक गई, गोवा से बलिया जाने वाली ट्रेन नागपुर पहुँच गई उत्तर प्रदेश में प्रवासी श्रमिक और कामगारों के लिए रोजगार और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आयोग बनेगा। रेल और हवाई यात्राओं से उतरने वाले प्रत्येक यात्री को 14 दिन का होम क्वारन्टीन अनिवार्य होगा। आज से हवाई यात्राएं शुरू कर दी गई हैं। साइकिल पर अपने पिता को ले जाने वाली साहसी ज्योति के नाम पर आज डाक टिकट भी जारी किया गया। एन95 मास्क पहनकर व्यायाम करने से या दौड़ने से शरीर को नुकसान हो सकता है ऐसा कई शोधों से बात सामने आई है।
आज विश्व में कुल 5502512, अमेरिका में 1686436, भारत में 138845 तथा उत्तर प्रदेश में 6268 संक्रमितों की संख्या हो गई है।

26 मई 2020 
कल 532 विमानों ने उड़ान भरी। 39231 लोगों ने सफर किया तथा 630 उड़ानें रद्द करनी पड़ी। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन ने राज्य में बसों के संचालन के भी संकेत दे दिए हैं पहले ग्रीन जोन से ग्रीन जोन बसें चलाने का संकेत है तथा 30 मई से 30 से अधिक सवारियां ना बैठाई जाएं इस बात का ध्यान रखा जाएगा। इतने दिनों से ठप पड़ी हुई स्वास्थ्य सेवाएं भी शीघ्र शुरू कर दी जाएंगी जिसमें रेबीज टीकाकरण, टीवी की जांच व उपचार, एचआईवी की जांच वह उपचार, गर्भवती महिलाओं की जांच व उपचार इत्यादि सभी ओपीडी शुरू करने की योजना है। अमेरिका में ब्राजील से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोरोना के कारण जापान में लगाया हुआ आपातकाल हटा दिया गया है। अब चीन भी भारत में फंसे अपने नागरिकों को निकालना चाहता है क्योंकि भारत में अब संक्रमण बढ़ता जा रहा है इस समय संक्रमण का संख्या के हिसाब से विश्व मे भारत का स्थान दसवां हो गया है। 
आज पूरे विश्व में संक्रमितों की संख्या 5590323, अमेरिका में 1706226, भारत में 145380 तथा उत्तर प्रदेश में 6532 हो गई है।

27 मई 2020
2 दिन से गर्मी चरम पर है। दिल्ली में तो 18 साल का रिकॉर्ड टूटा है 45.5 डिग्री पारा पहुँच गया। तबलीगी जमाती 20 देशों से आए थे, 82 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है 700 लोगों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं, सभी ने वीजा नियमों का उल्लंघन किया था। 1 जून से रोडवेज बसें चलने लगेगी लेकिन हाथरस डिपो की गाइडलाइन में बिना मास्क के यात्रियों को बस स्टैंड में नहीं घुसने दिया जाएगा। डब्ल्यूएचओ ने कहा है जहां संक्रमण खत्म हो गया है वहां एक बार फिर लहर मार सकता है। दुनिया में सार्वजनिक मौतों के अन्य कारण भी हैं। सबसे बड़े तीन कारणों में हृदय रोग, कैंसर तथा श्वसन संबंधी रोग है, हृदय रोग से औसतन 48000 से ज्यादा लोग मारे जाते हैं।
आज विश्व में 5684803 अमेरिका में 1725275 भारत में 151767 तथा उत्तर प्रदेश में 6548 संक्रमितों की संख्या हो गई है।

28 मई 2020
उत्तर प्रदेश सरकार ने घोषणा कर दी है कि वह 7.5 लाख श्रमिकों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार देगी। कर्नाटक में 1 जून से मंदिर मस्जिद और चर्च भी खुल सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है निजी अस्पताल कौड़ियों के भाव में जमीन सरकार से ले सकते हैं तो मुफ्त में इलाज क्यों नहीं कर सकते। लॉक डाउन के पांचवें चरण में सरकार खाका तैयार कर रही है। देश के 11 शहरों में कुल संक्रमितों का 70 फ़ीसदी है, इनमें दिल्ली,मुंबई अहमदाबाद चेन्नई ठाणे, इंदौर पुणे, बेंगलुरु, कोलकाता, जयपुर, सूरत शामिल हैं। ऐसे में सरकार इन शहरों में सख्ती बढ़ा सकती है, शेष भारत के कंटेनमेंट ज़ोन को छोड़कर अन्य हिस्सों में धार्मिक स्थल, बार, जिम, सैलून खोल दिए जाएं। इन इलाकों में सामाजिक दूरी तथा मास्क की अनिवार्यता बहुत आवश्यक है। आज विश्व में 5790103, अमेरिका में 1745803, भारत में 158333 तथा उत्तर प्रदेश में 6991 संक्रमितों की संख्या हो गई है।

29 मई 2020
कोरोना युद्ध के साथ-साथ भारत को कई मोर्चों पर युद्ध लड़ना पड़ रहा है। पाकिस्तान ने पुलवामा जैसी साजिश फिर रची। हमारे जासूस तंत्र और सुरक्षा बल ने यह साजिश नाकाम कर दी। एक कार में रखे शक्तिशाली बारूद को उड़ा दिया। अगर यह साजिश सफल हो जाती तो लगभग 450 जवान शहीद हो जाते। जिन मजदूरों को रेल भी नसीब नहीं हो रही थी उन कुछ रांची के मजदूरों को हवाई जहाज से मुंबई से रांची बुला लिया गया। इसके लिए चार्टर्ड प्लेन के किराए हेतु एन एल एस के छात्रों ने 11लाख रुपए इकट्ठे करके विस्तारा एयरलाइंस को दिए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है यूपी में कितने मजदूर हैं इसका पूरा हिसाब रखेगी सरकार। पहले हमारे पास पूरा ब्योरा नहीं था इसलिए दूसरे राज्यों से लाने में इतनी परेशानी हुई। जिस श्रमिक को यूपी में आना है वह इसी माह आ जाए अब वापस लाने का अभियान बंद होने जा रहा है। अब तक यूपी में 27 लाख मजदूर वापस आ गए हैं। 
आज विश्व में 5909003, अमेरिका में 1768461, भारत में 165799 तथा यूपी में 7170 संक्रमित मरीजों की संख्या हो गई है।

30 मई 2020
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का 1 साल पूरा होने पर मोदी जी ने देश की जनता के नाम एक पत्र लिखा, उसमें मुख्य रूप से कहा गया है कि हम कोरोना को भारत में उस तरह से फैलने में रोकने में सफल रहे जैसी आशंका थी। अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, देश असुविधा को आफत ना माने, आपदा से किसी देश का भविष्य तय नहीं होता। पांचवें लॉक डाउन में रेल सेवा शुरू की जा सकती है अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू की जा सकती है बाजारों के खुलने का समय बढ़ाया जा सकता है। मॉल सिनेमा, होटल रेस्टोरेंट, स्विमिंग पूल, अभी शायद नहीं खुल पाएंगे तथा स्कूलों को खोलने का भी अभी कोई विचार नहीं है। सोनू सूद की तर्ज पर अमिताभ बच्चन ने भी मजदूरों को घर भेजने के लिए बसों का इंतजाम किया। उत्तर प्रदेश और बिहार में श्रमिकों के कारण संक्रमण फैलने में वृद्धि हुई है। अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ से सभी संबंध खत्म करने की घोषणा कर दी है। 
आज विश्व में 6033814, अमेरिका में 1793530, भारत में 173763 तथा उत्तर प्रदेश में 7170 कोरोना संक्रमितों हो चुके हैं।

31 मई 2020
आज लॉक डाउन-04 का अंतिम दिन है। अब 1 जून से देश के शेष ताले खुल जाएंगे। जो भी पाबंदियां होंगी सिर्फ कंटेनमेंट जोन में होगी। 8 जून से धार्मिक स्थल, होटल, रेस्टोरेंट तथा शॉपिंग माल भी खुल जाएंगे 68 दिनों के इस लोक डाउन में जो दिशा निर्देश जारी किए गए हैं उनमें जहाँ तक संभव हो सके वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाए। दफ्तरों, कार्य स्थलों, दुकानों, बाजारों, उद्योगों और वाणिज्यिक संस्थानों में बिजनेस आवर का पालन हो। कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग, हाथ धोने तथा गेट पर हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था हो। सार्वजनिक स्थलों पर सफर के दौरान मास्क या चेहरा ढकना अनिवार्य है। 6 फुट की दूरी, सार्वजनिक सभाओं पर रोक, शादी में 50 तथा अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोगों पर पाबंदी, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने गुटखा और तंबाकू खाने पर रोक। 1 जून के बाद बिना पास के लोग कहीं भी जा सकेंगे  गृह मंत्रालय ने सभी से आरोग्य सेतु लोड करने का आग्रह किया है। 
आज दोपहर 12:00 बजे तक पूरे विश्व में 6160295, अमेरिका में 1816820 तथा भारत में 182490 संक्रमितों की संख्या पहुँच गयी है। भारत के सभी राज्यों में अलग-अलग स्थितियां इस प्रकार हैं-
अंडमान निकोबार-33 
आंध्र प्रदेश -3461 
अरुणाचल प्रदेश -4
आसाम -1217 
बिहार -3565 
चंडीगढ़ -289 
छत्तीसगढ़ -447 
दादर नगर हवेली -2 
दिल्ली -18549 
गोवा -70 
गुजरात -16356 
हरियाणा -1923 
हिमाचल प्रदेश -313 
जम्मू कश्मीर -2341 
झारखंड -563 
कर्नाटक -2922 
केरल -1209 
लद्दाख -77 
मध्य प्रदेश -7891 
महाराष्ट्र -64168 
मणिपुर -62 
मेघालय -27 
मिजोरम -1
नागालैंड -43 
उड़ीसा -1948 
पांडिचेरी -57 
पंजाब -2233 
राजस्थान -8693 
सिक्किम -1 
State unassigned -5491 
तमिलनाडु -21184 
तेलंगाना -2499 
त्रिपुरा -271 
उत्तर प्रदेश -7701 
उत्तराखंड -749 
वेस्ट बंगाल -5130
अब तक भारत में 5186 मृत्यु हुई हैं तथा 86970 संक्रमित स्वस्थ हो गए हैं।

पूरा लॉक डाउन संक्षेप में-

लोक डाउन 01-
25 मार्च से 14 अप्रैल तक 21 दिन तक चला। इस दौरान सिर्फ जरूरी सामान की दुकानें खोलने की इजाजत दी गई थी।

लोक डाउन 02-
15 अप्रैल से 3 मई तक 19 दिन का रहा। हॉटस्पॉट को छोड़कर ऑरेंज और ग्रीन जोन में दुकानें खोलने की अनुमति दी गई।

लोक डाउन 03-
4 मई से 17 मई तक 12 दिन चला। ऑरेंज और ग्रीन जोन में दुकानें खुली, प्रवासी श्रमिकों के लिए ट्रेन और बसें चली, वंदे भारत और समुद्र सेतु मिशन के जरिए विदेश में फंसे भारतीयों की वापसी शुरू हुई।

लोक डाउन 04-
18 मई से 31 मई तक रहा रेड, ऑरेंज, और ग्रीन जोन तय करने के अधिकार राज्यों को मिले, राज्य के अंदर बसें चलाने की शुरुआत हुई शॉपिंग मॉल के अलावा बाकी दुकानें खुली, वहीं 25 मई से घरेलू उड़ानें भी शुरु कर दी गयीं।

विशेष- इसके बाद लोक डाउन 5 या यूँ कहें अनलॉक शुरू हो गया।

Comments

Popular posts from this blog

रेत पर नाम लिखने से क्या फायदा.......

एक दीवाली यहाँ भी मना लीजिये........

गीत- वो बदले तो मजबूरी है.....