लोक डाउन-3/ 8 मई 2020

8 मई 2020
 • सुप्रभात।
 •  एक तरफ कोरोना लोगों को मौत के मुँह में ले जा रहा है, तो दूसरी तरफ आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक उत्तर कोरिया की प्लास्टिक फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारण 11 लोगों की मौत हो गई। लगभग 1000 लोग अस्पताल में गंभीर हालत में  भर्ती हैं। गैस रिसाव इतना जहरीला था की राह चलते लोग बेहोश होकर गिर रहे थे। वातावरण में पेड़ पौधों के पत्ते तक मुरझा के नीचे लटक गए। इस रिसाव को देखकर 36 वर्ष पूर्व हुए भोपाल गैस कांड की त्रासदी लोगों को याद आ गई। कल पांच छह गांवों को खाली करके दूसरे स्थान पर जाने की सरकार ने चेतावनी दे दी। अब स्थिति नियंत्रण में है।
 •  आज अगर विश्व स्तरीय कोरोना मानचित्र देखें तो विश्व में अब तक 3917532 कुल संक्रमित मामले हैं, 270720 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 1344120 लोग ठीक हो गए हैं। अमेरिका में कुल पॉजिटिव केस 1292630 हैं, 76928 लोग मर चुके हैं तथा 998445 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं।
 भारत में कुल 56342 संक्रमित संख्या हो चुकी है, 1886 लोग मर चुके हैं तथा 16539 लोग इलाज से ठीक हो गए हैं। महाराष्ट्र में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 17974 हो चुकी है तथा 694 लोग मर चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या 3071 हो गई है, 62 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 1250 लोग इलाज से स्वस्थ हो गए हैं। अलीगढ़ में चार एवं हाथरस में दो संक्रमित केस और मिल गए हैं।
 •  इन दिनों सब्जियों और फलों के द्वारा संक्रमण खूब फैल रहा है। दिल्ली सहित कई राज्यों में जमातियों के बाद सब्जी विक्रेता इस संक्रमण के वाहक बन रहे हैं। इसलिए 
अगर आप सब्जी लेने जा रहे हैं तो एक बार में ही अधिक दिनों की सब्जी लेकर आएं।
सब्जियों से हाथ न लगाएं। 
दस्तानों का प्रयोग करें खरीदते वक्त भी यही सावधानी रखें।
सब्जी विक्रेता से दूरी बनाकर रखें। 
राउंड फिगर में पैसे देने का प्रयास करें ताकि पैसे के विनिमय से बचा जा सके। 
घर पर सब्जी लाने के बाद बिना स्पर्श किए आधी बाल्टी पानी में 4 से 5 चम्मच नमक घोलकर 1 घंटे तक पड़ा रहने दें।
 •  लॉक डाउन काल में 6 लाख से अधिक श्रमिक उत्तर प्रदेश आ चुके हैं। आगामी 24 घंटे में हरियाणा से भी 20000 श्रमिक आएंगे अब तक 69 ट्रेनें यहाँ आ चुकी हैं। 1 दिन में 30000 लोग ट्रेन से पहुंच रहे हैं
 •  भारत सरकार ने 222 विशेष ट्रेनें चलाकर ढाई लाख लोगों को वापस घर भेजा है। विदेशों में फंसे भारतीयों को भी विमानों द्वारा वापस लाया जा रहा है। आबू धाबी और दुबई से लगभग 350 यात्री आज भारत आ गए। कल सिंगापुर से रवाना होगा भारतीयों का पहला जत्था। वंदे भारत भारत और समुद्र सेतु मिशन के तहत पानी के जहाज से भी मालदीव में फंसे भारतीयों को लाया जाएगा, इससे 750 यात्रियों को भारत लाने लाए जाने की योजना है।
 •  अपनी मिट्टी को छोड़कर बाहर रोटी कमाने के लिए विश्व के तमाम देशों में और अपने देश के अनेक प्रांतों में न जाने कितने लोग अपना जीवन मुश्किल से गुजारते हैं। इसके लिए उन्हें अपनों का विछोह भी सहना पड़ता है और पराए देश में सरवाइव करने की दुश्वारियां भी।
आखिर रोटी है क्या?
साबुत रोटी
----------------

रोटी साबुत रहते हुए
कोई नहीं खा सकता

फिर भी
हर आदमी को चाहिए
साबुत रोटी

क्योंकि
आदमी चाहता है
रोटी के टुकड़े वह ख़ुद करे

रोटी और स्त्री की पीड़ा एक जैसी है

आँच पर पकना भी है
और साबुत भी रहना है
किसी भूखे आदमी से 
अपने  टुकड़े करवाने के लिए।
--कुशल कौशल सिंह

Comments

Popular posts from this blog

रेत पर नाम लिखने से क्या फायदा.......

एक दीवाली यहाँ भी मना लीजिये........

गीत- वो बदले तो मजबूरी है.....